सूरजपुर, 1 जुलाई 2025 —
ग्राम पंचायत कुशमा, जनपद पंचायत ओड़गी के ग्रामीणों ने आज जिला पंचायत सूरजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में वर्तमान में पदस्थ पंचायत सचिव श्री संजय कुमार गुर्जर को ग्राम पंचायत कुशमा में ही स्थायी रूप से पदस्थ करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि श्री संजय कुमार गुर्जर पूर्व में भी कुशमा पंचायत में कार्य कर चुके हैं और उन्होंने पंचायत संचालन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों से समन्वय में उत्कृष्ट कार्य किया है। ग्रामीणों का मानना है कि उनकी कार्यशैली व व्यवहार से पंचायत को निरंतर लाभ मिलता रहा है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वर्तमान में पंचायत सचिव का स्थायी पदस्थापन न होने के कारण विकास कार्यों में बाधा आ रही है और ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अतः सचिव श्री संजय कुमार गुर्जर को पुनः ग्राम पंचायत कुशमा में पदस्थ करने का अनुरोध किया गया है।
ज्ञापन पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं, जिनमें प्रमुख रूप से पंचायत सदस्य श्री विनोद सिंह, सरवन सेखवा, मुकेश सिंह, उपसरपंच राजकुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
यह मांग पत्र ग्रामीणों की सामूहिक भावना को दर्शाता है और पंचायत व्यवस्था में स्थायित्व व पारदर्शिता की आवश्यकता को रेखांकित करता है।
— रिपोर्ट: आशीष प्रताप सिंह, बिहारपुर संवाददाता









