कोंडागांव – ज्योति कुमार कमलासन
कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों को दी कड़ी कार्यवाही की चेतावनी

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजनान्तर्गत जिले में संचालित वाटरशेड के कार्यों के प्रगति की जानकारी हेतु कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिला कार्यालय में कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में योजनान्तर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को इन योजनाओं का समुचित लाभ मिले। समीक्षा बैठक में कोण्डागांव व बड़ेराजपुर विकासखण्ड अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के प्रगति की जानकारी ली और कार्यों के प्रारंभ नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित पीआईए को सख्त निर्देशित किया कि गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाएं। साथ ही उन्होंने कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही करने की बात भी कही। बैठक में क्षमता निर्माण हेतु कार्य योजना, उत्पादन प्रणाली और कृषक अंशदान पर भी चर्चा की गई।










