Home जांजगीर-चांपा चांपा में बेलगाम टिकट दलालों पर कब गिरेगी आरपीएफ की गाज?

चांपा में बेलगाम टिकट दलालों पर कब गिरेगी आरपीएफ की गाज?

20
0

जिला जांजगीर-चांपा ।

भारतीय रेलवे आज डिजिटल युग की ओर तेजी से बढ़ते हुए यात्रियों को सुविधाजनक, पारदर्शी और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। ई-टिकटिंग, मोबाइल एप्स और ऑनलाइन रिजर्वेशन जैसी सुविधाओं से आम यात्रियों को राहत तो मिली है, लेकिन इन सबके बीच टिकटों की कालाबाजारी (टाउटिंग) अब एक संगठित अपराध का रूप ले चुकी है। खासतौर पर ऐसे समय में जब त्योहारों, छुट्टियों या गर्मी की छुट्टियों के दौरान टिकट मिलना एक चुनौती बन जाता है, उस वक्त ये दलाल जरूरतमंद यात्रियों को शिकार बनाते हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा पूरे देश में ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ अभियान चलाकर इस अवैध धंधे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 से अब तक 756 अवैध टिकट दलालों को गिरफ्तार कर 2.43 करोड़ रुपये मूल्य के ई-टिकट जब्त किए गए हैं। केवल जून 2025 में ही 30 टिकट दलाल पकड़े गए हैं। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि रेलवे बोर्ड इस समस्या को गंभीरता से ले रहा है और कार्यवाही कर रहा है।

लेकिन क्या चांपा इससे अछूता है?
चौंकाने वाली बात यह है कि चांपा जैसे छोटे लेकिन व्यस्त रेलवे स्टेशन पर इन टिकट दलालों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। नगर के बीचोंबीच कुछ लोगों ने बाकायदा ऑफिस खोल रखे हैं, जहां से ई-टिकटों की कालाबाजारी की जाती है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ये दलाल फर्जी आईडी, आधार नंबर और सॉफ्टवेयर के माध्यम से तत्काल कोटा की टिकटें बुक कर मोटे मुनाफे पर बेचते हैं।

आरपीएफ की भूमिका यहां केवल औपचारिकता तक सीमित रह गई है। चांपा स्टेशन पर न तो नियमित चेकिंग होती है और न ही कोई जागरूकता अभियान। इससे टिकट दलालों के हौसले बुलंद हैं और यात्रियों को मनमाने दामों पर टिकट खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय जनता का आक्रोश

नगरवासियों का कहना है कि चांपा स्टेशन पर टिकट दलालों का एक पूरा नेटवर्क सक्रिय है, जो बिना किसी डर के इस धंधे को अंजाम दे रहा है। त्योहारों के समय टिकटों की किल्लत के बीच ये लोग हजारों रुपये लेकर टिकटें बेचते हैं। आम नागरिकों के साथ यह खुला अन्याय है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

रेलवे प्रशासन से उठती मांग

यात्रियों और स्थानीय लोगों ने आरपीएफ और रेलवे प्रशासन से मांग की है कि चांपा में भी ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ जैसी विशेष कार्रवाई शीघ्र चलाई जाए। इसके तहत:

अवैध टिकट कार्यालयों की पहचान कर उन पर छापा मारा जाए

टिकट बुकिंग में प्रयुक्त आईडी और सॉफ्टवेयर की जांच हो

आरपीएफ को सक्रिय करते हुए नियमित गश्त और चेकिंग करवाई जाए

आम यात्रियों को फर्जी दलालों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए

रेलवे के आधुनिकिकरण और पारदर्शिता के प्रयास तभी सफल होंगे जब इस प्रकार के अवैध धंधों पर हर स्तर पर सख्त कार्यवाही हो

रेलवे के आधुनिकिकरण और पारदर्शिता के प्रयास तभी सफल होंगे जब इस प्रकार के अवैध धंधों पर हर स्तर पर सख्त कार्यवाही हो। चांपा जैसे शहर में बेलगाम टिकट दलाल न केवल यात्रियों को लूट रहे हैं, बल्कि रेलवे की साख को भी धूमिल कर रहे हैं। जरूरत है कि यहां भी ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ जैसी कड़ी कार्रवाई हो ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here