रायपुर/जगदलपुर-
पांच महीने बाद मां दंतेश्वरी मंदिर की दानपेटी सोमवार को खोली गई। इस दौरान नगद राशि, सोना-चांदी के साथ भक्तों के मन की बातें भी सामने आईं। दानपेटी से मिले मन्नत-पत्रों में किसी ने गर्लफ्रेंड से शादी की प्रार्थना की थी तो किसी ने NMDC में नौकरी की मांग रखी। कुछ भक्तों ने परिवार में सुख-शांति और जीवन में स्थिरता की कामना करते हुए पत्र लिखे थे।
हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और दानपेटी में नकदी के साथ कीमती धातुओं का भी दान करते हैं। देश-विदेश से विशेष अवसरों पर जैसे नवरात्रि के दौरान, यहां ज्योति कलश भी जलवाए जाते हैं। इस बार कुल 11 लाख 18 हजार 194 रुपये की दान राशि प्राप्त हुई है। इससे पहले फरवरी में 19 लाख 23 हजार 723 रुपये चढ़ावा आया था। दानपेटी को सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया और मंदिर समिति के सदस्यों ने राशि की गिनती की।
नवरात्रि में चढ़ता है करोड़ों का दान
दंतेश्वरी मंदिर की मान्यता और भव्यता दिनों-दिन बढ़ रही है। खासकर शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है और मंदिर में 1 करोड़ रुपये से अधिक का चढ़ावा आता है। इस दौरान ज्योति कलश और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में देश-विदेश से भक्त शामिल होते हैं।
मंदिर की आय से ही उसके सभी खर्चों की पूर्ति की जाती है। इसके अलावा, फागुन मेले जैसे आयोजन के लिए अलग से बजट तय होता है। मंदिर में चढ़ाए गए चांदी से अब धार्मिक सिक्के भी बनवाए जा रहे हैं, जो मंदिर की परंपरा को और मजबूत करते हैं।









