रायपुर-
बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से दक्षिणी छत्तीसगढ़ में वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। विभिन्न जिलों में संभावित बारिश को देखते हुए यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पिछले 24 घंटे का हाल:
सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान दुर्ग में 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर का आज का मौसम:
आज रायपुर में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 26°C के आसपास रह सकता है।
बारिश का कारण:
एक चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर झारखंड और दक्षिण बिहार के ऊपर बना हुआ है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर, उत्तर राजस्थान, हमीरपुर, झारखंड और बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के कारण राज्य में वर्षा की तीव्रता में वृद्धि हुई है।
इन जिलों में अलर्ट:
कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित अनेक जिलों में अगले तीन घंटे के लिए मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।









