लखनपुर संवाददाता विकासअग्रवाल।
लखनपुर सरगुजा।।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अम्बिकापुर इकाई द्वारा मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह सरस्वती शिशु मंदिर अम्बिकापुर के सभागार में आयोजित हुआ, कार्यक्रम में 468 विद्यार्थी सम्मिलित हुए जिसमें हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल के 138 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान प्रेरणादायक होता है
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पूज्य संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि, “विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित और राष्ट्रहित में कार्य करता है। परिषद न केवल शिक्षा के क्षेत्र में, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु कार्यरत है। प्रतिभा का सम्मान युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करता है।”उन्होंने आगे कहा, “आज के युवा केवल अंक तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। अभाविप इस दिशा में कैरियर मार्गदर्शन, संवाद एवं प्रशिक्षण जैसे प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों को सक्षम बनाने का कार्य कर रही है। सही समय पर सही निर्णय विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देता है, और अभाविप इस दिशा में एक विश्वसनीय मंच की भूमिका निभा रहा है।”

अभाविप युवाओं में नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम दोनों का निर्माण करता है
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, अभाविप के प्रांत संगठन मंत्री श्री महेश साकेत ने कहा कि, “विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य केवल शैक्षणिक जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और नेतृत्व की भावना का भी विकास करता है। अभाविप की स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी और तब से लेकर आज तक यह संगठन निरंतर ऊर्जावान और राष्ट्रभक्त युवाओं को संगठित करने का कार्य कर रहा है। आज यह विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्र-छात्राओं में सकारात्मक देशभक्ति को बढ़ावा देने और राष्ट्र प्रेम का भाव जागृत करने के लिए सतत प्रयत्नशील है। हम युवाओं को एक सशक्त भारत के निर्माण हेतु तैयार कर रहे हैं।”
राष्ट्र प्रेम से ही युवा बनते हैं जागरूक नागरिक।।
अभाविप के प्रदेश सहमंत्री अनंत सोनी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का बोध भी शिक्षा का अहम हिस्सा होना चाहिए। अभाविप इसी दिशा में युवाओं का मार्गदर्शन कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाता है।”

कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का सम्मान।।
नगर मंत्री रोनी मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों, पालकों, अतिथियों, स्कूल प्रशासन, शिक्षकों एवं इस आयोजन में समर्पित भाव से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार एवं सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि, “किसी भी कार्यक्रम की सफलता केवल मंच पर बोलने वालों से नहीं, बल्कि उस हर कार्यकर्ता से बनती है जो पृष्ठभूमि में पूरे मनोयोग से कार्य करता है। आप सभी के योगदान से यह कार्यक्रम प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय बन पाया है। विद्यार्थी परिषद का बल ही इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना श्रेय की अपेक्षा के समाज व राष्ट्र के लिए सतत कार्य करते हैं।”









