रिपोर्ट-खिलेश साहू
समाज के मीडिया विस्तार और सामाजिक समरसता पर हुई गहन चर्चा
रायपुर, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के मीडिया प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आज संपन्न हुई, जिसमें समाज के सूचना एवं प्रचार तंत्र को आधुनिक स्वरूप देने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनिक यादव एवं प्रदेश महामंत्री श्री सुनील यादव की अगुवाई में आयोजित की गई, जिसमें राज्य भर से लगभग 17 सक्रिय सदस्य शामिल हुए।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य था – समाज की गतिविधियों, उपलब्धियों, आयोजनों एवं सामाजिक पहल को प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाना, ताकि समाज की सशक्त उपस्थिति और सकारात्मक छवि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उभर सके।
बैठक के प्रारंभ में प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनिक यादव ने उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा:
मीडिया किसी भी समाज का मुखर चेहरा होता है।
हमें अपनी सामाजिक एकता और उपलब्धियों को उजागर करना होगा।
संगठनात्मक शक्ति तभी दिखेगी जब हमारी आवाज़ संगठित हो,और यह कार्य मीडिया के बिना संभव नहीं है।
इसके पश्चात प्रदेश महामंत्री एवं पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री सुनील यादव ने मीडिया की बदलती भूमिका और डिजिटल युग में उसकी प्रासंगिकता पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने बताया:
समाज का प्रचार-प्रसार केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के संगठन, एकजुटता और पहचान का सशक्त औजार है। प्रत्येक मीडिया प्रभारी को इस दिशा में रचनात्मक और प्रतिबद्ध होना चाहिए।
बैठक में यह भी प्रस्तावित किया गया कि प्रत्येक जिला, ब्लॉक एवं नगर इकाई के मीडिया प्रतिनिधि समाज की गतिविधियों की रिपोर्टिंग नियमित रूप से करें। साथ ही, सोशल मीडिया पर साप्ताहिक गतिविधियों की समेकित प्रस्तुति के लिए एक प्रणाली विकसित की जाए, ताकि समाज का डिजिटल दस्तावेज तैयार हो सके और युवा वर्ग इससे प्रेरित होकर अधिक सक्रिय हो।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने विचार साझा किए और समाज के प्रचार-प्रसार के लिए अनेक रचनात्मक सुझाव भी रखे। सभी में इस बात को लेकर गहरी प्रतिबद्धता और उत्साह देखा गया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज एक संगठित और सशक्त मीडिया नेटवर्क के साथ नई ऊंचाइयों को छुएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से शामिल रहे सदस्य: प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनिक यादव, प्रदेश महामंत्री श्री सुनील यादव, श्री पतित यादव, श्री विजय यादव, श्री चंद्र प्रकाश यादव, श्री रोशन यादव, श्री सुदैश यादव, श्री भगवती यादव, श्री कमलेश यादव, श्री प्रेम यादव, श्री ओंकार यादव, श्री लेखराम यादव, श्री अनूप यादव, श्री पुखराज यादव, श्री सौरभ यादव, श्री विजय यादव, एवं श्री ज्ञान सिंह यादव।
यह बैठक न केवल एक संवाद का मंच बनी, बल्कि समाज के भीतर मीडिया के माध्यम से सामाजिक समरसता, जागरूकता और संगठन की नई ऊर्जा का संचार भी किया।









