बस्तर-
एशियन कैडेट जूडो चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की बेटी रंजीता कोरेटी ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत और प्रदेश को गर्व का अवसर दिया है। ताइपे (ताइवान) में आयोजित इस प्रतियोगिता में रंजीता ने 52 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई देशों की खिलाड़ियों को पराजित कर स्वर्णिम जीत हासिल की।

कोंडागांव निवासी रंजीता ने इससे पहले अप्रैल में जॉर्जिया में हुए कैडेट यूरोपियन कप में 5वां स्थान प्राप्त किया था। उनकी इस प्रतिभा को राज्य बाल कल्याण परिषद ने पहचाना और आईटीबीपी की मदद से उन्हें जूडो का प्रशिक्षण दिलाया गया। परिषद की जिला इकाई के मार्गदर्शन और छत्तीसगढ़ जूडो संघ के समर्थन से उन्होंने अपनी क्षमता को और निखारा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रंजीता को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और यह साबित करती है कि बेटियां अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
रंजीता की जूडो यात्रा वर्ष 2021 के ओपन नेशनल टूर्नामेंट से शुरू हुई। 2022 में भोपाल में कांस्य, 2024 में केरल और महाराष्ट्र में स्वर्ण, और फिर 2025 में पटना में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
प्रदेश की यह होनहार खिलाड़ी अब देश की उभरती खेल प्रतिभाओं में शामिल हो गई है।









