बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। रसूखदार युवकों ने सड़क को अपना निजी पिकनिक स्पॉट बना लिया। लग्जरी गाड़ियों को बीच हाईवे पर खड़ा कर वहां म्यूजिक बजाया, डांस किया और ड्रोन से उसका वीडियो शूट करवाया। इस दौरान बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। हैरानी की बात यह है कि इस खतरनाक स्टंट के बावजूद पुलिस ने सिर्फ जुर्माना लगाकर मामला रफा-दफा कर दिया। एफआईआर तक नहीं की गई और न ही युवकों के नाम सार्वजनिक किए गए। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
लाइसेंस सस्पेंड, लेकिन पहचान छिपाई गई
इस मामले में ट्रैफिक पुलिस ने सिर्फ 6 युवकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए हैं, लेकिन उनकी पहचान को पूरी तरह छिपा लिया गया। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि अगर आम नागरिक ऐसा करते, तो सख्त कार्रवाई होती। लेकिन रसूखदारों के मामले में सिर्फ जुर्माना लगाकर छोड़ा गया।
ड्रोन से वीडियो शूट कर नई कार खरीदने का जश्न मनाया, वायरल वीडियो
जो वीडियो सामने आया है, वह ड्रोन से शूट किया गया था, जिसमें साफ दिख रहा है कि हाईवे की दोनों लेन पर गाड़ियां खड़ी थीं। ट्रैफिक बाधित हुआ, लेकिन इसके बावजूद युवकों की मस्ती जारी रही।
पुलिस ने कार्रवाई की, पर रसूखदारों का नाम नहीं बताया, प्रशासन पर उठे सवाल
एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया कि रतनपुर रोड में एक के बाद एक 6 कार खतरनाक ढंग से गाड़ी लहराते हुए, कट मारकर गाड़ी चलाते हुए देखा गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर रतनपुर रोड पर तैनात इंटरसेप्टर वाहन प्रभारी एएसआई केके मरकाम और स्टाफ ने सभी गाड़ियों को रोक कर सभी ड्राइवरों पर 2000-2000 का चालानी करवाई की गई।
लेकिन, एडिशनल एसपी ने इन 6 लड़कों के न तो नाम बताए और न ही जिन गाड़ियों को चालान किया गया है, उनके नंबर बताए। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई करने के लिए संबंधित थाना प्रभारी और सीएसपी को निर्देशित किया गया है। मोटर व्हीकल एक्ट के साथ ही बीएनएस के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या रसूखदारों को कानून से ऊपर माना जा रहा है? यदि यह मामला इतना गंभीर था कि लाइसेंस सस्पेंड करना पड़ा, तो फिर एफआईआर क्यों नहीं हुई? नाम क्यों नहीं बताए गए?
किन लड़कों पर हुई कार्रवाई
नेशनल हाईवे जाम कर रील्स बनाने के मामले में पुलिस ने जिन 6 लड़कों पर कार्रवाई की है, उनका नाम नहीं बताया गया। लेकिन, दैनिक भास्कर ने इन लड़कों की जानकारी और उनकी चालान की कापी जुटाई है, जिसके मुताबिक वेदांत शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, यशवंत, दुर्गेश ठाकुर, विपिन वर्मा, अभिनव पांडेय शामिल है।
इनसे 2-2 हजार रुपए जुर्माना वसूल करने के साथ ही उनका ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए आरटीओ को प्रतिवेदन भेजने का दावा किया गया है।









