Home मुख्य ख़बरें बांग्लादेश में वायुसेना का F-7 विमान दुर्घटनाग्रस्त, रिक्शे से अस्पताल लाए गए...

बांग्लादेश में वायुसेना का F-7 विमान दुर्घटनाग्रस्त, रिक्शे से अस्पताल लाए गए घायल,भारी जनहानि की आशंका, माइलस्टोन स्कूल के पास हुआ हादसा।

5
0

ढाका-

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। वायु सेना का एक F-7 BGI ट्रेनिंग फाइटर जेट उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही क्रैश हो गया। यह हादसा उत्तरा इलाके में स्थित माइलस्टोन स्कूल के पास दोपहर 1:18 बजे हुआ। हादसे के समय स्कूल बंद हो चुका था, जिससे बड़े नुकसान से बचाव हो सका।

तेज़ आवाज़ और धुएं से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जलता हुआ मलबा और घायल लोगों को देखा जा सकता है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पायलट की मौत की पुष्टि, अन्य हताहतों की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान के पायलट की मौत हो चुकी है। साथ ही कम से कम एक और व्यक्ति के मारे जाने की पुष्टि हुई है। कई अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को घटनास्थल से रिक्शे के सहारे अस्पताल पहुंचाया गया।

घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी
स्थानीय प्रशासन, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हैं। मलबे को हटाया जा रहा है और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है।

सरकार ने जताया शोक, जांच के आदेश
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे राष्ट्र के लिए एक दर्दनाक क्षण है। उन्होंने जांच के आदेश देते हुए पीड़ितों को हर संभव सहायता देने की बात कही।

चीनी निर्मित था विमान
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक F-7 BGI फाइटर जेट था, जिसे चीन में निर्मित किया गया था। यह विमान बांग्लादेश एयरफोर्स के ट्रेनिंग फ्लीट का हिस्सा था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here