रायपुर-
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक छत्तीसगढ़ भर में आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान किया है। लेकिन इस बंद को छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने समर्थन देने से साफ इंकार कर दिया है।
दिल्ली से लौटते वक्त रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक है और ईडी का इस्तेमाल विपक्ष को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की ईडी पर हाल की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि यह एजेंसी अब एक राजनीतिक हथियार बन चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “ईडी का स्ट्राइक रेट 1 प्रतिशत से भी कम है, लेकिन कार्रवाई केवल विपक्ष पर की जा रही है। ये कोशिशें विपक्ष की छवि को धूमिल करने और दबाव बनाने के लिए हो रही हैं।”
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने क्यों किया समर्थन से इनकार?
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव अजय भसीन ने एक वीडियो संदेश में कहा कि चेंबर किसी भी प्रकार की बंद या आर्थिक नाकेबंदी का समर्थन नहीं करता। उनका तर्क था कि वर्तमान में देश की आर्थिक गति तेज है और ऐसे बंद से व्यापार और जीवनयापन दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदमों से केवल संशय और असुविधा की स्थिति पैदा होती है।









