गरियाबंद/नुआपड़ा-
छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद से सटे नुआपड़ा जिले के काटफाड़ और छातापानी के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने एक बड़ा नक्सली डंप बरामद किया है। 25 जुलाई को डीवीएफ नुआपड़ा और सीआरपीएफ की डी/19 बटालियन द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और जरूरी सामान जब्त किया गया।
नुआपड़ा एसपी जी. आर. राघवेंद्र के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान जवानों को एक देशी बंदूक, 24 जिंदा कारतूस, 10 जिलेटिन स्टिक, 3 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और करीब 50 ग्राम बारूद मिला है।
सुरक्षाबलों को मौके से दो सोलर प्लेट, वॉकी-टॉकी चार्जर, मोबाइल चार्जर, हेयर ट्रिमर, वायर कटर, इलेक्ट्रिक टेस्टर, 6 वोल्ट बैटरी, वोल्ट मीटर, ब्लूटूथ हेडफोन, कैटापल्ट, रस्सी, पॉलिथीन शीट, जूते, चप्पल, चाकू और अन्य कई इलेक्ट्रॉनिक व घरेलू वस्तुएं भी मिली हैं।

इसके अलावा राशन, महिलाओं की कॉस्मेटिक सामग्री, अंडरगारमेंट्स, बर्तन और दवाएं भी बरामद की गई हैं। यह स्पष्ट संकेत देता है कि यह सामान नक्सलियों द्वारा लंबे समय तक टिके रहने के लिए जमा किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, यह क्षेत्र पूर्व में खूंखार नक्सली चलपति की गतिविधियों का केंद्र रहा है। छत्तीसगढ़ बॉर्डर से महज 10-15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह पहाड़ी इलाका अब सुरक्षा बलों की सख्त निगरानी में है, जहां एक-एक कर नक्सलियों के ठिकाने उजागर हो रहे हैं।









