दंतेवाडा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
बारसूर (दंतेवाड़ा) –
देश की आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 87वां स्थापना दिवस रविवार को 195वीं बटालियन, बारसूर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कमांडेंट श्री राजीव कुमार ने जवानों, अधिकारियों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएँ दीं और बल के गौरवशाली इतिहास को याद किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर बलिदान दिवस की तर्ज पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही, खेलकूद प्रतियोगिताएं, साइकिल रैली, मिष्ठान वितरण और ग्रामवासियों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कमांडेंट श्री राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि — “सीआरपीएफ राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा में समर्पित बल है, जिसने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में देशवासियों का विश्वास जीता है।”

सीआरपीएफ की स्थापना 27 जुलाई 1939 को ‘क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस’ के रूप में हुई थी। भारत की स्वतंत्रता के बाद 28 दिसंबर 1949 को इसका नाम बदलकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल किया गया। तब से यह बल आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद एवं अन्य आंतरिक चुनौतियों से लड़ते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी श्री विक्रांत वर्मा, असिस्टेंट कमांडेंट श्री राजकुमार एवं श्री संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










