Home छत्तीसगढ़ CG कैबिनेट मीटिंग: नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी को मंजूरी, रेत नीति...

CG कैबिनेट मीटिंग: नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी को मंजूरी, रेत नीति और खनिज नियमों में बड़ा बदलाव

13
0

रायपुर-

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी की स्थापना से लेकर रेत उत्खनन के नए नियम और खनिज निधि के उपयोग की दिशा तय करने तक कई बड़े फैसले शामिल रहे।

क्रिकेट अकादमी के लिए भूमि आबंटन

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को नवा रायपुर (अटल नगर) के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में 7.96 एकड़ भूमि क्रिकेट अकादमी के निर्माण हेतु आवंटित की गई है। इस फैसले से राज्य के होनहार क्रिकेट खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। राज्य में क्रिकेट की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।

खनिज निधि के बेहतर उपयोग के लिए संशोधन

प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) 2024 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप “जिला खनिज न्यास नियम 2015” में संशोधन को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली। अब न्यास की 70% राशि का उपयोग पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला-बाल कल्याण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में किया जाएगा।

नई रेत नीति 2025 लागू

राज्य सरकार ने पुरानी रेत नीति को रद्द कर “छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025” को मंजूरी दी है। यह नियम अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाएगा। रेत खदानों का आवंटन अब ई-नीलामी के जरिए होगा जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी राजस्व में इजाफा होगा। साथ ही पर्यावरण मानकों का भी सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कृषि भूमि मूल्य निर्धारण प्रणाली में बदलाव

कृषि भूमि के मूल्य निर्धारण में भी महत्वपूर्ण संशोधन को मंजूरी दी गई। अब 500 वर्गमीटर की सीमा को हटाकर पूरी भूमि का मूल्यांकन हेक्टेयर के आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सिंचित और असिंचित भूमि के मूल्य निर्धारण के पुराने अनुपात को भी हटाया गया है। इससे भूमि लेन-देन में पारदर्शिता आएगी और मूल्य निर्धारण अधिक व्यावहारिक होगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here