रायपुर संवाददाता- रघुराज
बीजापुर, छत्तीसगढ़: पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को जांच कर रही टीम ने यह एक्शन लिया। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में दो रिटायर्ड कार्यपालन अभियंता (EE), एक वर्तमान EE, एक SDO और एक सब-इंजीनियर शामिल हैं। सभी को दो दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार किए गए अधिकारी:
* डी.आर. साहू: सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता
* वी.के. चौहान: सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता
* एच.एन. पात्र: तत्कालीन कार्यपालन अभियंता
* प्रमोद सिंह कंवर: SDO, बीजापुर
* संतोष दास: उप अभियंता, जगदलपुर
मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर पहले से ही रिमांड पर है। वहीं, इस मामले में तीन अन्य अधिकारी, बी.एल. ध्रुव (तत्कालीन कार्यपालन अभियंता), आर.के. सिन्हा (SDO) और जी.एस. कोडोपी (उप अभियंता) अग्रिम जमानत पर हैं।
सेप्टिक टैंक से मिली थी लाश:
पत्रकार मुकेश चंद्राकर 1 जनवरी 2025 को अपने घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। दो दिन बाद, 3 जनवरी को उनकी लाश एक बंद पड़े सेप्टिक टैंक से बरामद हुई थी। इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर को पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया था। इस मामले में PWD अधिकारियों की गिरफ्तारी से जांच में एक नया मोड़ आ गया है, जिससे इस हत्याकांड की परतें खुलने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा आगे की जांच और पूछताछ जारी है।









