Home छत्तीसगढ़ “राधे-राधे” कहने पर प्रिंसिपल ने बच्ची को पीटा: मासूम के मुंह पर...

“राधे-राधे” कहने पर प्रिंसिपल ने बच्ची को पीटा: मासूम के मुंह पर टेप, हाथ पर डंडे के निशान

23
0

दुर्ग/रायपुर-

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के बागडुमर इलाके में स्थित मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि नर्सरी में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची ने स्कूल की प्रिंसिपल को ‘राधे-राधे’ कहकर अभिवादन किया, जिससे नाराज होकर प्रिंसिपल ने उसके मुंह पर टेप चिपका दिया और हाथ पर डंडे से मारा।

परिजनों के अनुसार, बच्ची जब बुधवार को स्कूल से घर लौटी तो डरी-सहमी और रोती हुई थी। बच्ची ने अपनी मां-पिता को बताया कि स्कूल में उसके साथ क्या हुआ। बच्ची के पिता प्रवीण यादव ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस से की।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल ईला ईवन कौलविन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 299 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बच्ची अंतर्मुखी स्वभाव की है और वह ‘राधे-राधे’ कहकर केवल शिष्टाचार कर रही थी, लेकिन प्रिंसिपल ने इसे अनुशासनहीनता मानकर सख्ती दिखाई। बताया गया है कि टेप करीब 15 मिनट तक बच्ची के मुंह पर चिपका रहा, जिससे उसे मानसिक और शारीरिक तकलीफ हुई।

घटना की खबर फैलते ही बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। आक्रोश को देखते हुए स्कूल प्रबंधन को अस्थायी रूप से स्कूल बंद करना पड़ा। नंदिनी थाना प्रभारी पारस सिंह ठाकुर ने भी पुष्टि की है कि बच्ची की कलाई पर चोट के निशान हैं और शुरुआती जांच में प्रताड़ना की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना ने शिक्षा संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here