Home चर्चा में पीएम सड़क में गड्ढे ही गड्ढे, अधर में लटका काम; ग्रामीणों में...

पीएम सड़क में गड्ढे ही गड्ढे, अधर में लटका काम; ग्रामीणों में नाराजगी

4
0

तय समय सीमा में नहीं बन पाई प्रधानमंत्री सड़क 
-अर्जुन झा-

बकावंड। सरकारें जनता के हित और सुविधा के लिए बेहतर काम कर रही हैं, पर्याप्त फंड भी उपलब्ध करा रही हैं, मगर सरकारी अधिकारी सरकार की मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अमल के मामले में भी ऐसा ही कुछ हो रहा है। बकावंड विकासखंड के ग्राम मंगनार से खासपारा मार्ग का काम नियत समयावधि में पूरा नहीं हो पाया है। अधिकारी बरसात का बहाना बना रहे हैं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत मंगनार में तेरारगुड़ा पारा से खासपारा मटनार तक सड़क निर्माण कार्य में घोर लापरवाही सामने आई है। 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क का डामरीकरण कार्य समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 88.98 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत इस सड़क का निर्माण कार्य 11 दिसंबर 2024 से शुरू होना था और 12 जून 2025 तक इसे पूर्ण कर लिया जाना था। सड़क निर्माण का ठेका मेसर्स कुशवाहा कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद डामरीकरण का कार्य अधर में लटका हुआ है।

गड्ढों में तब्दील सड़क
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। डामरीकरण नहीं होने से मिट्टी व कच्ची सड़क पर बारिश का पानी भर गया है, जिससे दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही में बेहद दिक्कत हो रही है। छोटी गाड़ियों को बड़ी गाड़ियों के साइड देने में भी जोखिम बढ़ गया है और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। साइकिल और बाईक सवार इन गड्ढों में उलझ कर गिरते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण अधूरा रहना अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने कहा है कि अगर अधिकारी जल्द नहीं जागे तो हम सब सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे।

बारिश के कारण रुका है काम
सड़क का डामरीकरण कार्य बाकी है। लगातार बारिश के कारण काम रोकना पड़ा है। बरसात खत्म होते ही डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-धनंजय देवांगन,
एसडीओ, पीएम जीएसवाय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here