संवाददाता – निलेश सिंह
अकलतरा:
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आज ग्राम झिरिया (पोंडी दल्हा) एवं ग्राम बगडबरी (बलौदा) में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अकलतरा विधायक श्री राघवेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक जी ने झिरिया में विधायक निधि से निर्मित भव्य सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर समाज को समर्पित किया। आदिवासी समाज द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अकलतरा विधायक श्री राघवेंद्र कुमार सिंह ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विधायक निधि से निर्मित भव्य सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर इसे समाज को समर्पित किया। लोकार्पण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट से विधायक का स्वागत किया। भवन के निर्माण से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सुसज्जित स्थल उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह आदिवासी संस्कृति की रंगत में रंगा हुआ था। इस अवसर पर मंच पर एवं परिसर में उपस्थित बच्चे पारंपरिक एवं संस्कृति से सुसज्जित पोशाकों में सजे-धजे नजर आए। आदिवासी समाज की परंपरागत नृत्य-प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। ढोल, मांदर और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर थिरकते कलाकारों ने मानो गांव को एक उत्सव में बदल दिया।
अपने उद्बोधन में विधायक श्री राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह दिन हमें आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, उनकी संस्कृति और उनके अधिकारों के संरक्षण का संकल्प दिलाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि आदिवासी परंपराओं का सम्मान करें, उनकी कला और संस्कृति को संजोएं और उनके विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने समाज के वरिष्ठ जनों का सम्मान किया और बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार वितरित किए।









