Home चर्चा में रक्षाबंधन के दिन हादसा कुंए में गिरी एक भाई की मासूम बहन

रक्षाबंधन के दिन हादसा कुंए में गिरी एक भाई की मासूम बहन

2
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

 भैरमगढ़ के इतामपार कन्या आश्रम की छात्रा की कुआं में डूबने से मौत 
आश्रम से अपने रिश्तेदार के यहां राखी त्यौहार मनाने गई थी छात्रा
तीन दिन में दो आदिवासी छात्र की मौत।

जगदलपुर। बस्तर संभाग के आश्रम छात्रावासों में रहकर पढ़ाई कर रहे आदिवासीछात्र छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। कहीं उनका दैहिक शोषण हो रहा है, तो कहीं उनकी अकाल मौत हो रही है। इसी बेपरवाही की भेंट एक और मासूम छात्रा ऐन रक्षाबंधन त्यौहार के दिन चढ़ गई। नहाते समय कुंए में गिरने से मौत हो गई।

ताजा मामला बस्तर के बीजापुर जिला अंतर्गत भैरमगढ़ ब्लाक के इतामपार कन्या आश्रम का है। यहां पढ़ने वाली तीसरी कक्षा की 12 वर्षीया छात्रा लक्ष्मी पुनेम की शनिवार सुबह कुंए में डूबने से मौत हो गई। छात्रा लक्ष्मी पुनेम का रक्षाबंधन में भाई को राखी बांधने का सपना टूट गया‌। जानकारी अनुसार शुक्रवार दोपहर छात्रा लक्ष्मी अपने सहेली के साथ आश्रम के समीप स्थित पारा में अपने रिश्तेदार के यहां राखी मनाने के लिए गई थी। शनिवार सुबह जब उक्त छात्रा नहाने के लिए कुआं से पानी निकाल रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह कुंए में जा गिरी। खेत के समीप स्थित यह कुआं गहरा होने तथा लबालब पानी भरे रहने से छात्रा गहरे पानी में डूब गई। साथ में रही चचेरी बहन के द्वारा सूचना देते तक काफी देर हो चुकी थी। सूत्रों ने बताया कि कुआं काफी गहरा होने के कारण छात्रा के शव को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला जा सका। छात्रा लक्ष्मी पुनेम गोंदमेटा ग्राम पंचायत मर्रामेटा इंद्रावती नदी पार गांव की निवासी थी। दूरस्थ गांव होने के कारण छात्रा के परिजन अभी तक भैरमगढ़ नहीं पहुंच पाए हैं। विभाग के मंडल संयोजक समरथ ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच जानकारी ली जा रही है। परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। ट्रायबल विभाग द्वारा संचालित सौ सीटर कन्या आश्रम इतामपार की अधीक्षिका संजू सेठी आश्रम में मौजूद नहीं हैं। सूत्रों ने बताया कि वे अवकाश लेकर मुख्यालय से बाहर हैं। अब सवाल यह है कि अधीक्षिका किस अधिकारी से अवकाश लेकर गईं हैं और अवकाश पर जाने से पहले किसको प्रभार दिया गया है? भैरमगढ़ के टीआई ने बताया कि सूचना मिलने पर घटना स्थल गए थे। थाने में मर्ग कायम किया गया है।पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

शासन पर बिफरे विधायक विक्रम मंडावी
घटना की जानकारी मिलते ही बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी गांव पहुंचे। श्री मंडावी ने छात्रा की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की और सरकार पर जमकर बिफरे। उन्होंने कहा कि पोर्टा केबिन चेरपाल में दो दिन पूर्व सांप काटने से एक बच्चे की मौत हो गई थी और अब बच्ची की बलि चढ़ गई। यह भाजपा सरकार, प्रशासन तंत्र और संबंधित विभाग की लापरवाही का नतीजा है। कन्या आश्रम इतामपार की छात्रा की कुएं में डूबने से मौत होना गंभीर मामला है। विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की यहां आदिवासी बच्चों के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है ऐसी स्थिति बनी हुई है। गांव के आदिवासी बच्चों की उचित देखभाल व उनकी सुरक्षा पर जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नहीं है। ऐसी दुखद घटना होना चिंताजनक है। इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here