बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
युवा कांग्रेस नेता हेमंत कश्यप ने खोला मोर्चा
बकावंड। सौ सीटर बालक छात्रावास बकावंड में एक महिला कर्मचारी को अधीक्षिका नियुक्त किए जाने के खिलाफ बस्तर जिला युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने मोर्चा खोल दिया है। युवा नेता हेमंत कश्यप ने इस निर्णय के विरोध में कलेक्टर बस्तर एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।


युकां नेता हेमंत कश्यप ने कहा है कि 100 सीटर पोस्ट मैट्रिक बालाक छात्रावास बकावंड में एक महिला कर्मचारी को अधीक्षिका के रूप में नियुक्ति किया गया है, जो न्याय संगत नहीं है, साथ ही पचासों युवा छात्रों के बीच एक महिला कर्मचारी का होना मर्यादा के विपरीत भी है। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने कहा है कि सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, बस्तर जगदलपुर द्वारा 100 सीटर पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास बकावंड में एक महिला कर्मचारी शोभावती कश्यप को अधीक्षिका के रूप में कार्यप्रभार सौंप दिया गया है। पोस्ट मैट्रिक बालाक छात्रावास में एक महिला कर्मचारी को अधीक्षक का कार्यप्रभार सौंपा जाना अनुचित है। छात्रावास में युवा छात्रों का समूह रहता है। हेमंत कश्यप ने सवाल उठाया है कि एक महिला कर्मचारी का अधिक्षक के रूप में पदस्थापित रहने से वह इन बड़े छात्रों के कक्षों का निरीक्षण वे कैसे कर पाएंगी, छात्रावास में बच्चों के रहन सहन को कैसे देख पाएंगी? पूर्व में इस प्रकार से किसी महिला कर्मचारी की पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में पदस्थापना नहीं की गई है। यह नीति निर्देशों के विपरीत भी है। हेमंत कश्यप ने मांग की है कि हॉस्टल में महिला कर्मचारी की नियुक्ति को तत्काल निरस्त करते हुए किसी योग्य अनुभवी पुरुष कर्मचारी की पदस्थापना की जाए। इस मुद्दे को लेकर बस्तर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को शिकायत पत्र सौंपा गया। इस दौरान हेमंत कश्यप के साथ युवा कांग्रेस महासचिव तरणजीत सिंह, उस्मान रजा, एनसयूआई प्रदेश सचिव ज्योति राव जिला सचिव विजय भारती भी उपस्थित थे।









