रघु राज /रायपुर, 12 अगस्त 2025 –
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से गुढियारी मंडल के अंतर्गत वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक 16, खमतराई में ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान, हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत खमतराई के गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण से की गई। इसके बाद नागरिकों, स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं स्कूली बच्चों के साथ एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो खमतराई के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण के रूप में सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस यात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहीं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “गाय, गंगा, तिरंगा — ये केवल प्रतीक नहीं, हमारी संस्कृति की पहचान हैं। हर घर में तिरंगा लहराना केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव की पुनर्स्थापना है।”
उनके साथ मंच साझा किया
– पार्षद एवं जोन क्रमांक 01 की अध्यक्ष, नगर पालिक निगम रायपुर – श्री गज्जू साहू,
– भाजपा गुढियारी मंडल अध्यक्ष – श्री विनय जैन,
सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक।
यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों के जोश और उमंग ने आयोजन को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीत गाए और पूरे मार्ग में अनुशासन के साथ चलकर एकता और समर्पण का परिचय दिया।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को बिस्किट और मिश्रण का वितरण कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान पूरे सप्ताह चलेगा और 15 अगस्त तक हर वार्ड और गली में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवित रखने में अत्यंत सहायक हैं।
“हर घर तिरंगा फहरे, हर दिल में तिरंगा बसे” — इसी भावना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।









