आरंग संवाददाता – सोमन साहू
कल्पवृक्ष पब्लिक स्कूल, आरंग का प्रथम राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2025 को अत्यंत हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के उमंगपूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय प्रांगण तिरंगे की रंगत, फूलों की सुवास और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से अनुप्राणित था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुआ। मुख्य अतिथि आशुतोष अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण कर मातृभूमि को नमन किया गया। इस गौरवमयी क्षण के साक्षी नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएँ, उनके पालकगण एवं विद्यालय परिवार रहे।
इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को प्रैक्टिस नोटबुक भेंट की गई, साथ ही उन्हें कठिन परिश्रम एवं लगन के साथ सुलेख लेखन में प्रवीणता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। सांस्कृतिक मंच पर बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, संगीतमय कविताएँ, ओजपूर्ण भाषण और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को रोमांचित कर दिया।

मुख्य अतिथि आशुतोष अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वतंत्रता के महत्व और उसके संरक्षण हेतु कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यालय के अध्यक्ष यशवंत गोयल ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूँजी है” और यह भी आश्वस्त किया कि विद्यालय सदैव अभिभावकों के सुझावों और मार्गदर्शन को सम्मानपूर्वक अपनाता रहेगा।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन शिक्षिका रूपा धीवर एवं अंजू बंजारे ने किया। स्वतंत्रता दिवस की यह ऐतिहासिक छवि विद्यालय के स्वर्णिम पृष्ठों में सदैव अंकित रहेगी।
– कल्पवृक्ष पब्लिक स्कूल, आरंग









