पेंड्रा संवाददाता – दीपक कश्यप
पेण्ड्रा : भारत के अनमोल रत्न, राष्ट्रनीति में शीर्ष व्यक्तित्व तथा कवि हृदय पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटलबिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर क्षेत्र के साहित्यकार कवियों तथा साहित्यप्रेमियों ने उनकी नवीन स्थापित प्रतिमा पर पुष्प माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कला एवं साहित्य को समर्पित संस्था आनंद फाउंडेशन द्वारा तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के जिला संयोजक आशुतोष आनंद दुबे के संयोजन में पूज्य अटल जी को साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित जनों में युवा कवि विश्वनाथ सोनी ने अपनी देशभक्ति रचना पाठ कर अटल जी को याद किया।

कार्यक्रम संयोजक कवि आशुतोष आनंद दुबे ने अटल जी को समर्पित रचना अटल गये फिर आने को हैं का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी राकेश चतुर्वेदी ने अपने विचार रखते हुए अटल जी को उनके शुचितापूर्ण कार्य एवं उनकी विदेशनीति के लिए किये गये कार्यों को याद किया और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। पार्षद, जनसेवक तथा साहित्यप्रेमी देवीप्रसाद सिंह ने अंत में आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ के जिला संघचालक तीरथ बड़गैया, पवन त्रिपाठी, देवीप्रसाद सिंह, केशव पाण्डेय, हितेन्द्र राठौर, जगदीश राठौर, राकेश चतुर्वेदी, आशुतोष आनंद दुबे, विश्वनाथ सोनी आदि कवि एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।









