Home मुख्य ख़बरें हिमाचल प्रदेश में डबल झटका: एक घंटे में दो बार हिली धरती,...

हिमाचल प्रदेश में डबल झटका: एक घंटे में दो बार हिली धरती, लोगों में दहशत

5
0

शिमला-

प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में अब भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। राज्य में लगातार बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन का कहर जारी है, वहीं मंगलवार तड़के एक घंटे के भीतर दो बार धरती हिली।

एक घंटे में दो भूकंप

पहला झटका सुबह 3:27 बजे चंबा जिले में महसूस हुआ जिसकी तीव्रता 3.3 रही और गहराई 20 किमी दर्ज की गई।

दूसरा झटका सुबह 4:39 बजे आया। इस बार रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.0 मापी गई।

दोनों झटकों के बाद लोग डर से घरों से बाहर निकल आए।

राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

पहले भी हिली थी धरती

दो दिन पहले कांगड़ा जिले में भी भूकंप आया था। सोमवार रात 9:28 बजे धर्मशाला के पास 3.9 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। इसका केंद्र धर्मशाला से 23 किमी दूर और गहराई 10 किमी थी।

आपदाओं से बेहाल हिमाचल

मानसून की शुरुआत (20 जून) से अब तक हिमाचल प्रदेश को 2,211 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

74 बार अचानक बाढ़, 38 बार बादल फटना और 72 बड़े भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गईं।

अब तक करीब 143 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 लोग लापता हैं।

कुल्लू में आफत और बंद हुए स्कूल

कुल्लू जिले के कानोन गांव में 18 अगस्त की रात को बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने एक पुल और तीन दुकानें बहा दीं। कई जगह भूस्खलन की वजह से जिला प्रशासन ने 19 अगस्त को कुल्लू और बंजार उपमंडलों के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here