रायपुर-
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली से अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना होंगे। वे जापान और साउथ कोरिया की यात्रा करेंगे। इस दौरान सीएम ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में शामिल होकर वहां मौजूद उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे और छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में असीम संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नई उद्योग नीति तैयार की गई है, जिसे वे इस दौरे पर प्रस्तुत करेंगे और विदेशी निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उद्यम लगाने का निमंत्रण देंगे।
इस यात्रा पर सीएम साय के साथ उनकी पत्नी कौशल्या देवी साय और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। रवाना होने से पहले दिल्ली में उनकी मुलाकात पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से होने की संभावना है। मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल भी सीएम के साथ दिल्ली गए, जबकि मंत्री गजेंद्र यादव और गुरु खुशवंत साहेब ने उन्हें सीऑफ किया।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस विदेश दौरे से छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की औद्योगिक दिशा को नई गति मिलेगी।









