अर्जुन झा/जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के सचिव दुर्गेश राय ने नेशनल हेल्थ मिशन के अधिकारी कर्मचारियों की हड़ताल को समर्थन दिया है। कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने कहा है कि केंद्र और राज्य की सरकारें इन कर्मियों की तत्काल सुध लें और हड़ताल की वजह से हो रही परेशानियों से जनता को राहत दिलाएं।
आज प्रदेश कांग्रेस सचिव दुर्गेश राय और कांग्रेस के अन्य नेता सुकमा जिले के एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल को समर्थन देने आंदोलन स्थल पर पहुंचे। इस अवसर पर दुर्गेश राय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे एनएचएम के लगभग 300 अधिकारी कर्मचारी 4 दिन से अनिश्चित हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार इनकी मांगो को पूर्ण करने मे असफल है। पूरे सुकमा जिला मे स्वास्थ सेवा ठप हो गई है आम जनता परेशान है। जिला हॉस्पिटल सुकमा में ओपीडी भी बंद पड़ा है। एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में स्वास्थ सेवा पूरी तरह ठप पड़ गई है। गर्भवती महिलाओं एवं छोटी मोटी बीमारियों से ग्रस्त लोग परेशान हैं। मलेरिया का दौर चल रहा है। ब्लड टेस्ट तक नहीं हो पा रहा है। सर्दी खांसी जैसी अन्य मौसमी बीमारियों से गांव के लोग परेशाम हैं। कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने कहा है कि एनएचएम कर्मचारियों की मांगो को सरकार जल्द से जल्द पूरा करे, अन्यथा पूरे जिला मे इलाज के आभाव से बहुत बड़ी जनहानि हो सकती है। श्री राय ने कहा है कि अंदरूनी क्षेत्रों में एनएचएम कर्मचारी अपनी जान दांव पर लगाकर नदी नाले पार करते हैं सेवा देने गांवों तक पहुंचते हैं। ऎसी ही अन्य कई परेशानियां वे झेलते हैं। इतने संकटों के बाद भी उनके द्वारा जन सेवा करना काबिले तारीफ है। दुर्गेश राय ने कहा कि हम सभी कांग्रेस के साथी इनकी जायज मांगो का समर्थन करते हैं और सरकार से आग्रह करते हैं कि इनकी जायज मांगे जल्द पूरी करें।
आगे श्री राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में एनएचएम के लगभग 20 हजार स्वास्थ्य कर्मचारी जो अलग अलग पदों पर संविदा में पदस्थ हैं वे जॉब गारंटी, समान काम समान वेतन, ग्रेड पे, अनुकंपा नियुक्ति, मेडिकल बीमा, चिकित्सा अवकाश सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय ध्यान आकर्षण प्रदर्शन कल और परसों करने वाले हैं। जिससे शासन को वादा याद दिलाया जा सके जो चुनावी घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी में शामिल था। श्री राय ने कहा कि आप सभी सुकमा जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में अलग अलग पदों में कई वर्षों से संविदा NHM में सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन इतने वर्षों के बाद भी जाब सुरक्षा,अनुकंपा जैसी कोई सुविधा प्रदान नही किया गया है यह सभी मांगे को सरकार को गंभीरता से लेकर जल्द पूर्ण करना चाहिए। हड़ताल को समर्थन देने वालों में आयशा हुसैन, शेख सज्जर, हुसैन बाबा, भीमसेन, भीमा, रामा, सतेंद्र, हिंगा, मुक्का, धनेश, अलेन, रिंकू आदि शामिल थे।









