पिज्जा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का फेवरेट है। अक्सर हम इसे बाहर से मंगवाते हैं, लेकिन बार-बार बाहर का पिज्जा खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं होता। ऐसे में क्यों न इसे घर पर ही बनाया जाए? अगर आपके पास ओवन नहीं है तो भी चिंता की बात नहीं है। यहां हम आपको बता रहे हैं बिना ओवन के पिज्जा बनाने की आसान विधि।
पिज्जा बेस बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
मैदा – 1 कप
यीस्ट – ½ टीस्पून
चीनी – ½ टीस्पून
नमक – स्वादानुसार
दूध – आटा गूंथने के लिए
तेल – 1 टेबलस्पून
टॉपिंग्स के लिए सामग्री
पिज्जा सॉस
प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर, स्वीट कॉर्न, ऑलिव (बच्चों की पसंद के अनुसार)
मोज़रेला चीज
चिली फ्लेक्स और मिक्स हर्ब्स
स्टेप 1: पिज्जा बेस तैयार करें
1. एक बाउल में मैदा, यीस्ट, चीनी, नमक और तेल डालकर मिक्स करें।
2. अब दूध की मदद से नरम आटा गूंथ लें।
3. इसे ढककर 2 घंटे के लिए रख दें ताकि आटा फूल जाए।
4. जब आटा तैयार हो जाए तो उसकी लोई बनाकर गोल बेल लें और पिज्जा बेस तैयार कर लें।
स्टेप 2: टॉपिंग्स लगाएं
1. बेस पर सबसे पहले पिज्जा सॉस की लेयर लगाएं।
2. उसके ऊपर कटे हुए प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर, कॉर्न और ऑलिव रखें।
3. अंत में ऊपर से भरपूर मोज़रेला चीज डालें।
स्टेप 3: बिना ओवन के पिज्जा पकाएं
1. एक मोटे तले वाली कड़ाही को अच्छे से प्रीहीट करें।
2. उसमें एक जाली (स्टैंड) रखें और उसके ऊपर पिज्जा वाली प्लेट रख दें। ध्यान रहे कि प्लेट सीधे कड़ाही को न छुए।
3. अब कड़ाही को ढक्कन से ढक दें और धीमी आंच पर 10–15 मिनट तक पकाएं।
4. जब चीज पिघल जाए और बेस कुरकुरा हो जाए तो आपका पिज्जा तैयार है।
सर्विंग टिप
ऊपर से ओरेगैनो और चिली फ्लेक्स छिड़ककर गरमा-गरम परोसें। बच्चों को एक्स्ट्रा चीज वाला पिज्जा बेहद पसंद आएगा।









