रायपुर-
राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, जांजगीर और आसपास के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। इस वजह से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हुई। इस दौरान दुर्ग का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम प्रणाली
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून द्रोणिका सूरतगढ़ से लेकर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। गंगेटिक पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, जो 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके अलावा, 25 अगस्त को उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट : गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में मध्यम वर्षा की आशंका।
यलो अलर्ट : सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और अन्य जिलों में हल्की वर्षा की संभावना।
राजधानी रायपुर का मौसम
आज रायपुर में बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। तापमान 24°C से 31°C के बीच रहने की उम्मीद है।









