(बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा)
वार्ड पार्षद रौशन पटेल ने सीएसपी को सौंपा ज्ञापन
दल्ली राजहरा। नगर के वार्ड क्रमांक 20 गांधी चौक के पार्षद रौशन पटेल ने वार्ड 20 गांधी चौक में भारी वाहनों के प्रवेश और सड़कों पर वाहन खड़े करने पर पाबंदी लगाने की मांग स्थानीय पुलिस प्रशासन से की है। इस संबंध में श्री पटेल ने सीएसपी को ज्ञापन सौंपा है।
पार्षद रौशन पटेल ने ज्ञापन में कहा है कि वाहन चालक भारी वाहनों को लाकर वार्ड की सड़कों पर खड़े कर देते हैं, जिससे दूसरे वाहनों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इससे रास्ता भी जाम हो जाता है। गांधी चौक जाने का मार्ग काफी संकरा है, इसके बाद भी भारी वाहनों को अंदर ले जाकर खड़े कर दिया जाता है। इसी मार्ग से शासकीय शराब भट्ठी जाने का भी रास्ता है, जिससे मार्ग में काफी भीड़ लगी रहती है। राते के समय भारी वाहन खड़े रहने से दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। गांधी चौक के इसी मार्ग से आगे के लगभग 4-5 वार्ड के लोग आना जाना करते हैं, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, व नया बाजार आने जाने वाले भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे भीड़ ज्यादा रहती है। इस स्थिति में इस मार्ग पर भारी वाहनों को सड़क पर खड़े रखने पर रोक लगाना अति आवश्यक हो गया है। श्री पटेल ने बताया है कि वार्डवासी भारी वाहनों की घुसपैठ का विरोध करते हैं तो वाहन मालिक और चालक विवाद करने लगते हैं। पार्षद रौशन पटेल ने सीएसपी और टीआई से समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए वार्ड नं. 20 गांधी चौक के मार्ग में भारी वाहनों के खड़ा करने पर रोक लगाने की गुजारिश की है।









