(बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा)
आईटीबीपी और डीआरजी की कार्रवाई
जगदलपुर। बस्तर संभाग की नारायणपुर जिला पुलिस ने हथियार और विस्फोटक सामग्री के साथ एक सक्रिय नक्सली को गिरफ्तार किया है।
डीआरजी और आईटीबीपी के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए रेकी कर रहे नक्सली मड्डा कुहड़ाम को दुर्गीन मरकाबेड़ा के जंगल पहाड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है गया है। विदित हो कि 22 अगस्त को नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया के आदेशानुसार आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी के सेनानी रोशन सिंह ओसवाल के मार्गदर्शन में थाना ओरछा क्षेत्रांतर्गत ग्राम दुर्गीन, मरकाबेड़ा तथा आसपास के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में डीआरजी एवं आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा एरिया डोमिनेशन किया जा रहा था। गश्त एवं सर्चिंग के दौरान ग्राम मरकाबेड़ा, दुर्गीन के जंगल पहाड़ की ओर पुलिस बल को देख एक संदिग्ध व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा। टीम ने सूझबूझ एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मड्डा कुहड़ाम पिता लखमू कुहड़ाम निवासी ईदवाया, वर्तमान पता भटबेड़ा बताया।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रतिबंधित माओवादी संगठन में वर्ष 2019 से अप्रैल 2025 तक भटबेड़ा मिलिशिया कमांडर के रूप में सक्रिय था। उसने यह भी खुलासा किया कि नक्सली कमांडर दीपक, रामदास, सगनू, राकेश आदि के निर्देश पर वर्ष-2019 से लगातार भटबेड़ा जनताना सरकार का कमांडर का कार्य कर रहा है तथा क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियों पर नज़र रखने, आने-जाने वाले मार्गों की रेकी करने और आईईडी लगाने हेतु चिन्हांकित करने का कार्य करता था। और पूर्व में भी नक्सल सहयोगियों के साथ मिलकर आईईडी बम लगाने का कार्य कर चुका है। आरोपी ने बताया कि आज भी वह डीआरजी और आईटीबीपी के बल को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी लगाने के लिए अपने नक्सली साथी मनकू कुंजाम और काडेल पोडियाम एवं अन्य के साथ तैयारी कर रहा था और हथियार और गोला बारूद को पहाडी के पास छिपा कर रखा था। संदेही की निशानदेही पर पुलिस बल ने तलाशी ली, जिसमें हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190 एवं आर्म्स एक्ट की धारा-25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। नक्सली से लकड़ी का फोरहैंड गार्ड लगा व सिलिंग सहित एक नग बीजीएल, 5 नग बीजीएल सेल व 5 नग बीजीएल गोली, एक नग 12 बोर की बंदूक, 12 बोर की 6 नग कारतूस, भरमार बंदूक 1 नग, वायर सहित 1 नग डेटोनेटर, करीब 100 ग्राम बारूद भरा हुआ 1 नग प्लास्टिक डिब्बा और दो नग पोच बरामद किए गए हैं।मड्डा कुहड़ाम पिता लखमू कुहड़ाम ईदवाया का निवासी है और उसका वर्तमान पता भटबेड़ है।









