नई दिल्ली-
अगस्त का महीना खत्म होने के साथ ही सितंबर की शुरुआत आम आदमी की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लेकर आ रही है। 1 सितंबर 2025 से एलपीजी सिलेंडर की कीमतें, SBI क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड प्वॉइंट्स के नियम, चांदी पर हॉलमार्किंग और CNG-PNG रेट्स में बदलाव लागू हो जाएंगे। इनका सीधा असर लोगों के खर्च और घरेलू बजट पर पड़ेगा।
SBI क्रेडिट कार्ड पर रिवार्ड पॉइंट्स के नियम बदलेंगे
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के क्रेडिट कार्ड धारकों को अब रिवार्ड पॉइंट्स के मामले में बदलाव का सामना करना पड़ेगा। 1 सितंबर से डिजिटल गेमिंग प्लेटफॉर्म, सरकारी ट्रांजैक्शन और कुछ चुनिंदा मर्चेंट्स पर खर्च करने पर रिवार्ड प्वॉइंट्स नहीं मिलेंगे। यानी पहले जहां इन पेमेंट्स पर बोनस प्वॉइंट्स मिलते थे, अब यह सुविधा बंद हो जाएगी।
चांदी पर होगी हॉलमार्किंग अनिवार्य
सरकार अब चांदी पर भी शुद्धता की गारंटी लागू करने जा रही है। 1 सितंबर से चांदी पर हॉलमार्किंग का नया नियम लागू होगा। हालांकि ग्राहकों को विकल्प रहेगा कि वे हॉलमार्क वाली या बिना हॉलमार्क की चांदी खरीद सकते हैं। लेकिन हॉलमार्क वाली चांदी की शुद्धता तय मानकों के अनुरूप होगी।
LPG सिलेंडर के नए रेट्स जारी होंगे
हर महीने की तरह सितंबर की पहली तारीख को भी घरेलू LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी की जाएंगी। अगस्त में सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन सितंबर से कीमतें बढ़ भी सकती हैं और घट भी सकती हैं। इसका सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ेगा।
CNG और PNG की कीमतों में भी हो सकता है बदलाव
CNG और PNG की दरें भी हर महीने की शुरुआत में संशोधित की जाती हैं। सितंबर से इनकी कीमतों में बढ़ोतरी या कटौती संभव है। अगर दरें बढ़ीं तो जहां ट्रांसपोर्ट महंगा होगा, वहीं घरेलू बजट पर भी असर पड़ेगा।
1 सितंबर से लागू होने वाले ये बदलाव सीधे आम लोगों की जेब पर असर डालेंगे। अब देखना यह होगा कि नया महीना उपभोक्ताओं को राहत देता है या महंगाई बढ़ाने वाला साबित होता है।









