(बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा)
भारी बारिश से लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में बिगड़े हालात
टापू में तब्दील हो गया है लोहंडीगुड़ा का मांदर गांव
चित्रकोट मार्ग सहित कई सड़कें हुईं जलमग्न
सांसद कश्यप ने दिए निगरानी व राहत के निर्देश
जगदलपुर। लगातार हो रही भारी वर्षा से बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के अनेक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गीदम रोड व चित्रकोट रोड स्थित नदी नालों के समीपस्थ गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। चित्रकोट मार्ग पर छोटे-बड़े नाले उफान पर हैं, जिससे कई सड़कें और पुल-पुलिया डूब गए हैं तथा आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने आज स्वयं प्रभावित क्षेत्रों इरिकपाल, नेगानार सहित आसपास के गांवों में जाकर हालात का जायजा लिया। सांसद कश्यप रेस्क्यू टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं एवं वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगतू कश्यप के गृहग्राम मांदर के टापू में तब्दील हो जाने की जानकारी मिलने पर सांसद महेश कश्यप पानी के बीच से गुजरते हुए मांदर गांव पहुंच गए। वहां सांसद महेश कश्यप ने बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने का इंतजाम करने की बात कही और वस्तुस्थिति से अवगत हुए। सांसद महेश कश्यप ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और केबिनेट मंत्री केदार कश्यप को फोन पर हालात की जानकारी दी और प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए उनसे आग्रह किया। इस दौरान सांसद श्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।क्षतिग्रस्त सड़कों व आवश्यक संरचनाओं के पुनर्निर्माण के निर्देश भी श्री कश्यप ने दिए हैं। उन्होंने बाढ़ पीड़ित जनता को आश्वस्त किया कि हर संभव मदद उनके लिए उपलब्ध कराई जाएगी।









