-बस्तियां हुईं जलमग्न, घरों में घुसा पानी, लोग परेशान
अर्जुन झा/किलेपाल। भारी बारिश के चलते बस्तर जिले के बास्तानार ब्लॉक के कई गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। गांवों का संपर्क एक दूसरे से टूट गया है, कई पुलिया और सड़कें ध्वस्त हो गई हैं, घरों में पानी भर गया है।
बास्तानार मुख्यालय बड़े किलेपाल से दरभा जाने वाला मार्ग, पखनार कुम्हार सांड्रा, पालानार, काकलूर और कटे कल्याण जाने वाले मार्ग प्रभावित हुए हैं। किलेपाल से सटे मुख्य मार्ग पर बने पुलिया धसक गया है। इसके कारण सड़क पर आवागमन बंद हो गया है। वहीं नेशनल हाईवे 63 में बाघमुंडी पनेड़ा के पास मुख्य मार्ग पुलिया से सटे पुरी रोड धसक गया है। इस सड़क पर भी आवागमन ठप हो गया है। वहीं बुरगुरु मार्ग में ग्रामीण मुख्य मार्ग पूरी तरीके से बीचो-बीच से कट गया है और आवागमन बंद हो गया है। गड़दा से होकर कोड़ेनार होते हुए भानपुरी जाने वाला राज्य मुख्य मार्ग भी धंस गया है, नतीजतन यह मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है, इस प्रकार पूरे क्षेत्र को बारिश ने बहुत ज्यादा प्रभावित किया है। अनेक बस्तियां जलमग्न हो गई हैं कई जगह घरों में पानी घुस गया है। कई गांवों में तो लोग बीच पानी में फंस गए हैं। कोड़ेंनार थाना प्रभारी अमित पद्मशाली ने बताया कि बुरगुम क्षेत्र में कुछ लोग फंसे थे जिन्हें निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम पंहुच गई है। अवरुद्ध मर्गों पर बेरिकेट्स लगाए गए हैं और पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।









