मरवाही से कमलेश चंद्रा की रिपोर्ट
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में एक बड़ा फरेब सामने आया है। एक शातिर युवक ने ज्योतिषाचार्य बनकर एक घर में घुसपैठ की और मौका पाकर पैसे, जेवरात और दस्तावेज लेकर फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 26 अगस्त 2025 की है। आरोपी ने अपना नाम रामस्नेही कश्यप बताया। वह नगर पंचायत खोंघापानी क्षेत्र में घूम रहा था और खुद को ज्योतिषाचार्य बता रहा था। इसी बहाने उसने मुरारी लाल पटेल के निवास कोलदफाई में प्रवेश किया। उस समय घर पर मुरारी लाल पटेल की बेटियां नेहा पटेल और मीना पटेल मौजूद थीं।
आरोपी ने मीठी बातों में उलझाकर खुद को मुरारी लाल का दोस्त बताया और कहा कि वह बिलासपुर से आया है तथा चिरमिरी में उसका घर है। उसने पिताजी का नाम लेकर भरोसा दिलाया और कहा कि उनके बिना वह नहीं जाएगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी के साथ एक और साथी था, जो बस स्टैंड के पास रुका हुआ था। इस बीच जब एक बहन चाय बनाने गई और दूसरी बाहर बाड़ी चली गई, तब आरोपी घर में इधर-उधर टटोलने लगा। उसने कुछ दस्तावेज भी चुरा लिए। बाद में वह दोनों बहनों को घूर-घूरकर देखने लगा, जिससे वे असहज हो गईं।
इस बीच, राजू पटेल अपने पिता को लेने पालकी माड़ा मंदिर गए हुए थे। उसी दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर घर से सामान और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया। परिवार का आरोप है कि आरोपी ने किसी तरह बहन की तबीयत भी बिगाड़ दी।
घटना के बाद से परिवार बेहद परेशान है और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।









