बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
सरपंच कश्यप ने पीड़ितों को किया राशन वितरण
सरपंच भरत लगातार बारिश के बीच ग्रामवासियों की ले रहे हैं सुध
लोहंडीगुड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का गृहग्राम गढ़िया इन दिनों बाढ़ और बारिश की मार झेल रहा है। ग्रामीणों के घरों में चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। ऐसे में पीड़ितों की मदद के लिए गढ़िया के सरपंच भरत कश्यप देवदूत बनकर सामने आए हैं। वे प्रभावित परिवारों को राशन और दैनिक उपयोग की जरूरी चीजें उपलब्ध करा रहे हैं।
बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा ब्लाक की ग्राम पंचायत गढ़िया में बरसात और बाढ़ ने जमकर कहर ढाया है। गढ़िया गांव के कई घरों मे पानी भर जाने से अनाज, कपड़े और राशन सामग्री नष्ट हो गई है। लोगों के खाने के लाले पड़ गए हैं। ऐसे मे वहां के सरपंच भरत कश्यप ने पीड़ितों की मदद का बीड़ा उठाया है। वे लगातार अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र के वर्षा प्रभावित परिवारों के संपर्क में हैं। सरपंच भरत कश्यप पंचायत के गांवों में घूम घूम कर जल भराव के हालात का जायजा ले रहे हैं, जल निकासी की व्यवस्था कर अन्य समस्याओं को दूर करवा रहे हैं। इतना ही नहीं, सरपंच भरत कश्यप बारिश से प्रभावित परिवारों की जरूरतों की खबर भी ले रहे हैं। आज भरत कश्यप बारिश से गिरे कच्चे आवासों के पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे एवं उन्हे राहत सामग्री का वितरण किया। प्रभावित परिवारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री चावल ,दाल एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं पीड़ित परिवारों को प्रदान की गईं, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। गढ़िया सरपंच भरत ने कहा कि इस कठिन समय में मैं सबके साथ हूं हम मिलकर कठिन से कठिन समस्याओं का सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में ग्राम पंचायत के लोग जिस तरह धैर्य और हिम्मत से काम ले रहे हैं यह प्रशंसनीय हैं, मेरे लिए यह केवल सेवा का कार्य नहीं, बल्कि मानवता और कर्तव्य का पालन भी है। जब अपने लोग कठिनाई में हों, तो उनके दुख-दर्द को साझा करने के लिए उनके साथ खड़ा होना हमारा परम दायित्व है।









