Paytm UPI Shutdown News:
सोशल मीडिया पर बीते कुछ दिनों से यह चर्चा तेज है कि 31 अगस्त के बाद Paytm की UPI सर्विस बंद हो जाएगी। कई यूजर्स के फोन पर गूगल प्ले से नोटिफिकेशन आने के बाद डर और कन्फ्यूजन फैल गया। नोटिफिकेशन में लिखा था कि 31 अगस्त 2025 के बाद Paytm UPI काम नहीं करेगी। इसी कारण ट्विटर और फेसबुक पर तरह-तरह की बातें होने लगीं और फर्जी मैसेज भी वायरल होने लगे।
Paytm ने दी सफाई
Paytm ने साफ कर दिया है कि उसकी UPI सर्विस बंद नहीं हो रही है। यह बदलाव सिर्फ ऑटो पेमेंट (Recurring Payment) से जुड़ा है। यानी जो यूजर्स YouTube Premium, Google One Storage या अन्य सब्सक्रिप्शन के लिए @paytm UPI हैंडल इस्तेमाल कर रहे हैं, उन्हीं पर असर पड़ेगा।
साधारण यूजर्स, जो रोज़मर्रा के लेन-देन (जैसे पैसे भेजना, बिल चुकाना या QR कोड से पेमेंट करना) करते हैं, उन पर कोई असर नहीं होगा।
क्या बदलेगा?
अब @paytm UPI ID की जगह बैंक-बेस्ड नए हैंडल इस्तेमाल होंगे।
उदाहरण: अगर आपकी UPI ID Keshu@paytm है, तो यह बदलकर Keshu@pthdfc, Keshu@ptsbi, Keshu@ptyes या Keshu@ptaxis जैसी हो सकती है।
बार-बार होने वाले पेमेंट्स (Auto Debit) के लिए नई UPI ID अपडेट करनी होगी।
चाहें तो Google Pay, PhonePe जैसे अन्य UPI ऐप्स का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
सब्सक्रिप्शन पेमेंट्स के लिए डेबिट/क्रेडिट कार्ड का विकल्प भी मौजूद है।
कंपनी का भरोसा
Paytm के फाउंडर विजय शेखर शर्मा ने कहा कि ग्राहकों के रोजमर्रा के लेन-देन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह बदलाव सिर्फ NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) की गाइडलाइन के तहत किया जा रहा है। Paytm को अब TPAP (Third Party Application Provider) का दर्जा मिल चुका है, जिसकी वजह से नए UPI हैंडल शुरू किए गए हैं।
गूगल प्ले नोटिफिकेशन से फैला कन्फ्यूजन
असल में गूगल प्ले ने नोटिफिकेशन भेजा था कि 31 अगस्त 2025 के बाद @paytm हैंडल को ऑटो पेमेंट्स के लिए सपोर्ट नहीं किया जाएगा। यही नियम 1 सितंबर से लागू होगा। लेकिन अधूरी जानकारी की वजह से यूजर्स को लगा कि पूरी Paytm UPI बंद हो रही है।
हकीकत यह है कि Paytm UPI पहले की तरह सामान्य ट्रांजैक्शन के लिए पूरी तरह चालू रहेगी।









