बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
करपावंड में बनेगा ब्लॉक का पहला महतारी सदन
बकावंड। जनपद पंचायत बकावंड में गत 20 जनवरी को जनपद सीईओ पारेश्वर कुर्रे की अध्यक्षता में आयोजित ब्लॉक स्तरीय समन्वय समिति बीएलसीसी की बैठक अब सकारात्मक नतीजे देने लगी है।
उस बैठक में बिहान के अंतर्गत आने वाले संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों व टीआरआई की टीम ने हिस्सा लिया था।बैठक का उद्देश्य समुदाय और सरकार के बीच समन्वय बढ़ाना था ताकि परिवारों को योजनाओं से जोड़ा जा सके और उनकी आय में वृद्धि कर उन्हें लखपति बनाने का लक्ष्य हासिल हो। इसी क्रम में चार संकुल स्तरीय संगठनों ने बैठक में अपने-अपने क्षेत्रों में महतारी सदन की मांग रखी थी। अब यह मांग छत्तीसगढ़ शासन की पहल के तहत साकार होती दिख रही है। करपावंड सीएलएफ के लिए महतारी सदन स्वीकृत हो चुका है और अन्य संगठनों के लिए भी प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। इससे यह साफ़ झलकता है कि जब सामुदायिक संस्थाएं और सरकारी विभाग मिलकर काम करते हैं तो ज़मीनी स्तर पर वास्तविक और सकारात्मक बदलाव संभव है। महतारी सदन की स्थापना छत्तीसगढ़ शासन की पहल के तहत महिलाओं को सामूहिक गतिविधियों, प्रशिक्षण और निर्णय लेने में अधिक भागीदारी का अवसर देगी। यह कदम न केवल संस्थागत मज़बूती की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आजीविका और महिला सशक्तिकरण को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।









