वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड का नाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है. इसकी वजह बेहद खास है. इस दिग्गज ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2025) में सोमवार रात कुछ ऐसा किया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. सीजन के 19वें मुकाबले में उनका पुराना अंदाज दिखा. इस दिग्गज ऑलराउंडर ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ ऐसी बल्लेबाजी की कि गेंदबाज हैरान रह गए. पोलार्ड ने मैदान पर आते ही छक्कों की बरसात कर दी और दर्शकों को एक बार फिर याद दिला दिया कि उन्हें क्यों ‘सिक्स मशीन’ कहा जाता है.
CPL 2025 में पोलार्ड ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं. उनकी टीम का सातवां मुकाबला सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के साथ था. इस मैच में पोलार्ड ने सिर्फ 29 गेंदों में 65 रन ठोक डाले. उनकी पारी में महज दो चौके शामिल थे, जबकि 8 छक्कों से उन्होंने गेंदबाजों का जीना मुश्किल कर दिया. पोलार्ड ने 224.14 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से रन बरसाए. एक समय तो ऐसा लग रहा था मानो गेंदबाज उनसे गेंदबाजी करने से ही बचना चाहते हों. खास बात ये है कि पोलार्ड ने 8 गेंदों पर 7 छक्के उड़ाए. यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है. मतलब फैंस को छक्कों की बारिश देखने को मिली.
अब सवाल ये है कि आखिर 8 गेंदों पर 7 छक्के कैसे लगे? तो ये कमाल मैच में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की 15वें और 16वें ओवर में हुआ. 15वें ओवर की आखिरी 4 बॉल पर 3 छक्के आए. फिर 16वें ओवर की आखिरी 4 चारों गेंदों पर छक्के लग गए. इस तरह 8 बॉल में पोलार्ड ने 7 छक्के कूट डाले. जिसने भी यह नजारा देखा वो हैरान था. गेंदबाजों को समझ ही नहीं आ रहा था कि पोलार्ड को बॉलिंग कहां डालें.









