जांजगीर चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिला जांजगीर चांपा
नवागढ़। राधा कृष्ण शिक्षा समिति महाविद्यालय में 1 सितंबर को पुस्तकालय अभिमुखीकरण (Library Orientation) कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और पुस्तकालय संसाधनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संचालक डॉ. अन्नपूर्णा अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. ऋत्विज तिवारी ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। पुस्तकालयाध्यक्ष सुश्री रजनी साहू ने NDLI (नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया) के महत्व और पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मंच विद्यार्थियों को लाखों ई-पुस्तकें, शोध-पत्र और प्रश्न-पत्र निःशुल्क उपलब्ध कराता है।
ओरिएंटेशन के दौरान छात्रों को पुस्तकालय का भ्रमण कराया गया और ई-रिसोर्सेज़ तथा सदस्यता प्रक्रिया से परिचित कराया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मौके पर ही पंजीयन कराया और डिजिटल संसाधनों के प्रति उत्साह दिखाया।
सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में आइक्यूएसी प्रभारी तेरस दिनकर तथा प्राध्यापकगण बाबिता मधुकर, धनेश्वरी कुर्रे, मनोज बंजारे, प्रज्ञानंद, निखिल जांगड़े और प्रगति बंजारे सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों और आधुनिक डिजिटल शिक्षा के बीच सेतु का काम करते हैं और उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।









