Home छत्तीसगढ़ स्कूल बना अंधविश्वास का अड्डा! दुर्ग में स्टाफ रूम के बाहर कोयल...

स्कूल बना अंधविश्वास का अड्डा! दुर्ग में स्टाफ रूम के बाहर कोयल की बलि देख दहशत में बच्चे

72
0

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सरकारी स्कूल से अजीबोगरीब घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक बोरसी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित रूप से तंत्र विद्या के तहत कोयल की बलि दे दी। सुबह जब स्कूल खुला तो शिक्षक और विद्यार्थी दोनों इस दृश्य को देखकर सहम गए।

बताया गया कि स्टाफ रूम के दरवाजे के सामने खून से सना पक्षी, नींबू, सिंदूर और रंगोली जैसी आकृतियां पड़ी हुई थीं। यह नजारा देखते ही बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई। शिक्षकों ने तुरंत इसकी सूचना ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी चंद्राकर को दी और घटना का वीडियो भी भेजा।

घटना के बाद टोटके को समाप्त करने के लिए स्थानीय बैगा को बुलाकर पूजा-पाठ कराया गया, ताकि बच्चों का डर कम किया जा सके। इसके बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों को समझाया कि वे घबराएं नहीं और पढ़ाई पर ध्यान दें।

इस मामले की शिकायत पदमनाभपुर थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी चंद्राकर ने कहा कि यह हरकत कुछ शरारती तत्वों द्वारा की गई है, जिसका उद्देश्य अंधविश्वास फैलाना है। बच्चों और स्टाफ को समझा दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here