कोरबा।
भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिले की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इस कार्यकारिणी में बाकी मोगरा मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सतीश झा को भाजपा जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति के बाद न केवल बाकी मोगरा मंडल बल्कि पूरे कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है।

सतीश झा ने जताया आभार
जिला मंत्री बनाए जाने के पश्चात सतीश झा ने अपने उद्बोधन में कहा—
“मैं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन देवांगन एवं कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल तथा प्रदेश और जिला के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूँ। एक साधारण कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना मेरे लिए गौरव की बात है। यह केवल मेरा नहीं बल्कि हर उस कार्यकर्ता का सम्मान है, जो ईमानदारी और समर्पण से संगठन के लिए कार्य करता है।”

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए वे पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ कार्य करेंगे। उनका लक्ष्य है कि कार्यकर्ताओं की आवाज संगठन तक पहुँचे और संगठन की नीतियाँ घर-घर तक पहुँचें।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
सतीश झा की नियुक्ति के बाद बाकी मोगरा मंडल सहित पूरे कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की कार्यशैली का सकारात्मक संदेश बताया है, जिसमें समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलता है।

स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कहा कि सतीश झा की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और जमीनी स्तर पर कार्य करने की शैली भाजपा को कोरबा जिले में और अधिक मजबूत बनाएगी।







