छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सलवाद और हिंसा से जूझता रहा है। लेकिन अब राज्य की तस्वीर बदलने की कोशिशें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जेल सुधार को प्राथमिकता दी गई है और इसी कड़ी में सभी जेलों में कैदियों के लिए योगाभ्यास और सुदर्शन क्रिया की पहल शुरू की गई है।
सरकार का मानना है कि जेल केवल सजा देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास की संस्था होनी चाहिए। इसलिए प्रतिदिन सुबह 7:30 से 9:30 बजे तक राज्य की सभी जेलों में कैदियों को योग और ध्यान कराया जा रहा है। इस पहल से जेल प्रशासन और कैदियों दोनों की दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगे हैं।
राज्य सरकार ने इस अभियान में आर्ट ऑफ़ लिविंग संस्था का सहयोग लिया है। संस्था के प्रशिक्षक कैदियों को “प्रिजन कोर्स” के अंतर्गत योग, ध्यान और सुदर्शन क्रिया सिखा रहे हैं। इससे कैदियों को मानसिक शांति और आत्मबल मिल रहा है।