दुर्ग –
जिले के मचांदुर गांव में भगवा झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सेना जवान कौशल निषाद के घर भगवा झंडा लगाने के बाद हुए विवाद में शामिल एक प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया गया है और दो व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
ऐसे में मचांदूर पुलिस चौकी के द्वारा सुबह उक्त भगवा झंडा उतार लेने की हिदायत दी गई, लेकिन निषाद परिवार ने झंडा उतारने से इंकार कर दिया।
बता दें कि मचांदुर गांव के जिस मोहल्ले में यह विवाद हुआ वहां मुस्लिम के 40 परिवार हैं, तो वहीं हिंदू समाज के 2 परिवार निवास करते हैं। बीते 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर यहां हरे झंडों की सजावट की गई थी। इस दौरान इस मोहल्ले में निवास करने वाले जवान कौशल निषाद ने भी अपने घर पर भगवा झंडा लगा दिया। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों ने झंडा हटाने का अनुरोध किया, लेकिन निषाद परिवार ने झंडा उतारने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस बीच बचाव में जवान की मां के पहुंचने से पुलिस कर्मी वहां से वापस लौटे।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद हिंदू संगठनों और भाजयुमो ने जोरदार विरोध किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ शख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम मचांदूर के उस एरिया में बहुत से मुस्लिम परिवार अवैध रूप से आकर बसे हैं, जिनकी भी जांच करवाकर उचित कार्यवाही की जाए अन्यथा हिंदूवादी संगठन उग्र प्रदर्शन करेगा।









