बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= भाजपा कांग्रेस के संरक्षित ठेकेदार कर रहे आदिवासी क्षेत्र में खनिजों की लूट =
बीजापुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने बीजापुर जिले में लंबे समय से चल रहे रेत के अवैध भंडारण और दूसरे राज्यों में रेत की अवैध तस्करी के मामले को लेकर गहरा चिंता जताई है। सीपीआई जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने कहा है कि यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची का क्षेत्र है, यहां पेसा कानून लागू है। यहां के गौण खनिजों पर पंचायतों का अधिकार है। जो ग्रामसभा के माध्यम से रॉयल्टी लेकर इसे दिया जाता है।
श्री झाड़ी ने कहा है लंबे समय से भाजपा कांग्रेस के पोषित, संरक्षित नेता ठेकेदार और प्राशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से रेत का अवैध भंडारण कर पंचायतों से रॉयल्टी चोरी कर रहे हैं। अवैध तस्करी कर दुगुने, तिगुना दामों पर आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना में बीजापुर की रेत खपाई जा रही है। जिससे ग्रामीण क्षेत्र की राजस्व अर्थव्यवस्था बिगड़ी हुई है और ग्रामीणों में काफ़ी आक्रोश व्याप्त है। इसका सीपीआई घोर विरोध करती है। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है जो विकासखंड भोपालपटनम के तारलागुड़ा, तिमेड़, चांदूर, में रेत का अवैध उत्खनन कर भंडारण किया गया है जिसका स्थानीय ठेकेदार, और भाजपा नेता बी गौतम राव द्वारा सत्ता के संरक्षण में सारे नियमों का उल्लंघन करते हुए पड़ोसी राज्य तेलंगाना और महाराष्ट्र में अवैध रूप से रेत का बिना पिटपास के परिवहन किया जा रहा है। तिमेड़ में भी बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया गया है जिसे लेकर प्रशासन ने भाजपा नेता और ठेकेदार बी गौतम राव पर 28 लाख का जुर्माना भी लगाया था । फ़िर भी इस भाजपा पोषित ठेकेदार के हौसले इतने बुलंद हैं कि धड़ल्ले से रेत की दूसरे राज्यों में तस्करी की जा रही है। सीपीई जिला परिषद बीजापुर इसकी कड़ी निंदा करती है और शासन प्रशासन से मांग करती है कि ऐसे ठेकेदारों पर कड़ी से कड़ी क़ानूनी कार्रवाई करें।
रेत के अवैध भंडारण को सीज करें। ताकि आने वाले दिनों में इस आदिवासी बहुल अनुसूचित क्षेत्र के लोगों का हक न मारा जाए और यहां के जल जंगल ज़मीन, साथ ही गौण खनिजों पर आदिवासियों का ग्राम पंचायत और ग्राम सभा का हक हो। फिर भी अगर रेत की तस्करी नही रुकती है तो सीपीआई रेत के अवैध भंडारण स्थान पर जाकर विरोध प्रदर्शन करेगी।









