जांजगीर-चांपा- संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जिला जांजगीर-चांपा । अवैध शराब निर्माण एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने एक बार फिर कड़ा कदम उठाया है। आबकारी आयुक्त सुश्री आर. शंगीता एवं कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती नीलिमा दीघ्रस्कर के विशेष मार्गदर्शन में 11 सितम्बर 2025 को जिले में बड़ी कार्यवाही की गई।
आरोपी से अवैध शराब बरामद
वृत्त अकलतरा के अंतर्गत ग्राम परसाही नाला निवासी आरोपी दीपक जगत (उम्र 23 वर्ष, पिता मानसिंह जगत) के रिहायशी मकान पर दबिश दी गई। इस दौरान विभागीय टीम ने मौके से 09 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
वाहन जप्त नहीं, पर बड़ी कार्रवाई
इस कार्यवाही में किसी वाहन की जब्ती नहीं हुई, लेकिन आरोपी के कब्जे से मिली अवैध शराब विभाग की सतर्कता का बड़ा प्रमाण है। अवैध शराब की बिक्री व भंडारण ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों में स्वास्थ्य व सामाजिक समस्याओं को जन्म देते हैं। ऐसे में विभाग की यह पहल जनहित में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अधिकारियों की अहम भूमिका
कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक यीवरेश कुमार तथा मुख्य आरक्षक मुकेश शर्मा, देवदत्त जायसवाल, विमल सनाढ्य एवं आरक्षक गीता कमल की सक्रिय भूमिका रही। टीम ने संयम और तत्परता से कार्यवाही को अंजाम दिया।
जनहित में संदेश
आबकारी विभाग ने साफ कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय टीम लगातार निगरानी कर रही है और नियम तोड़ने वालों पर इसी तरह की कड़ी कार्रवाई आगे भी की जाएगी।







