Home चर्चा में बिना काम कराए ग्राम पंचायत के लाखों रुपए हजम कर गए सरपंच

बिना काम कराए ग्राम पंचायत के लाखों रुपए हजम कर गए सरपंच

36
0

-अर्जुन झा-

= पूर्व और मौजूदा सरपंच पर लगे गंभीर आरोप =
= जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप ने की एसडीएम से मामले की शिकायत =

बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत रायकेरा देवड़ा में सरकारी धन की जमकर लूट की जा रही है। बिना काम कराए ही पूर्व और मौजूदा सरपंच एवं सचिव लाखों रुपए गटक चुके हैं।. मामले की शिकायत क्षेत्र की जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप ने एसडीएम बकावंड से की है।
जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप के मुताबिक रायकेरा देवड़ा के पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच व सचिव द्वारा निर्माण कार्यों में जमकर अनियमितता की जा रही है। पूर्व सरपंच समंदू कश्यप व सचिव पदमावती कश्यप तथा वर्तमान सरपंच लखमी कश्यप पति समदू कश्यप द्वारा 15वें वित की राशि में हेराफेरी की गई। नए बने ग्राम पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर 48 हजार 200 रुपए आहरित किए गए हैं। जबकि पंचायत भवन में मरम्मत की कोई आवश्यकता ही नहीं थी।
हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 38 हजार रुपए आहरित किए गए, मगर धरातल पर कार्य हुआ ही नहीं है। सोख्ता गड्ढा कार्य के नाम पर 30 हजार रुपए आहरित किए गए हैं, मगर कहीं भी सोख्ता गड्ढा नहीं बनाया गया है।

नाली है नहीं, सफाई करा दी!
हद की बात यह है कि जो नाली बनी ही नहीं है, उसकी सफाई के नाम पर सरकारी धन पर हाथ साफ कर दिया गया है। आगे जानकारी दी गई है कि नाली सफाई कार्य हेतु दो बार 25-25 हजार रूपए आहरित किए गए हैं, जबकि नाली सफाई कराई नहीं गई है। ग्राम पंचायत के बीजागुड़ा पारा में नाली निर्माण कार्य हुआ ही नहीं है और इस कथित नाली की सफाई के नाम पर 25 हजार रूपये आहरित किए गए हैं।सामुदायिक भवन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और उसके नाम पर 2 लाख 60 हजार रुपए निकाल कर हजम कर लिए गए हैं।
सार्वजनिक शौचालय निर्माण कार्य हेतु पूरी राशि आहरित कर ली गई है, मगर कार्य अपूर्ण है। प्राथमिक शाला बीजागुड़ा व तराईगुड़ा पारा के भवनों की मरम्मत के लिए 48 हजार 70 रूपए आहरित किए गए हैं, किन्तु जरा सा भी कार्य नहीं किया गया है। समदू घर के पास नाली निर्माण कार्य हेतु 1 लाख 50 हजार रूपए आहरित किए गए हैं और नाली बनाई ही नहीं गई है।

सचिव ने पति को भेजे 4.83 लाख
बताया गया है कि रायकेरा देवड़ा की पंचायत सचिव पदमावती कश्यप द्वारा अपने पति नंदकिशोर कश्यप के नाम पर 4 लाख 83 हजार रूपये ट्रांसफर किए गए हैं। यह राशि पंचायत निर्माण कार्य की बताकर स्थानांतरित की गई है। नंदकिशोर कश्यप ग्राम पंचायत सचिव पति होने के साथ-साथ एक शासकीय कर्मचारी सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ हैं। जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप ने कहा है उक्त सभी कार्यों में अनियमितता बरती गई है तथा शासकीय राशि का पूर्णतः दूरुपयोग कर भ्रष्टाचार किया गया है, जिसकी सकी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई संबंधित लोगों के खिलाफ की जानी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here