Home चर्चा में सांसद कार्यालय में सांसद खेल महोत्सव को लेकर महापौर व पार्षदों के...

सांसद कार्यालय में सांसद खेल महोत्सव को लेकर महापौर व पार्षदों के साथ हुई बैठक

6
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा 
= फिट इंडिया मूवमेंट का संदेश वाहक बनेगा यह आयोजन =
जगदलपुर। बस्तर की युवा शक्ति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में सांसद खेल महोत्सव एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव के विमोचन के बाद सांसद कार्यालय जगदलपुर में जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडे के नेतृत्व में जगदलपुर नगर निगम के सभी विभागों के सभापतियों व पार्षदों की बैठक बस्तर सांसद महेश कश्यप के साथ हुई l


इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं और यह आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को सामने लाएं। सांसद ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से वेब पर www.sansadkhelmahotsav.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन करने की अपील भी की है। जगदलपुर नगर निगम महापौर संजय पांडे ने सांसद खेल महोत्सव की तैयारी के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव बस्तर के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं और देश-दुनिया के सामने अपनी पहचान बना सकते हैं। महापौर संजय पाण्डेय ने नागरिकों, युवाओं और छात्र-छात्राओं से इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से ही “फिट युवा, विकसित भारत” की संकल्पना साकार होगी।

4 चरणों में आयोजन
आयोजन की रूपरेखा के अनुसार प्रतियोगिताएं चार चरणों में होंगी। ग्राम पंचायत स्तर पर मुकाबले 21 सितंबर से 20 अक्टूबर तक होंगे। इसके बाद विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक आयोजित होंगी। वहीं विधानसभा स्तर की प्रतिस्पर्धाएं 21 नवंबर से 20 दिसंबर तक चलेंगी और अंत में लोकसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 23 से 25 दिसंबर को होंगी। इस भव्य महोत्सव का समापन समारोह 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर आयोजित किया जाएगा, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण होगा।

होंगी ये प्रतियोगिताएं
इस महोत्सव में विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी जिनमें फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स की 100 मीटर और 400 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी और बैडमिंटन शामिल हैं। विशेष आकर्षण के रूप में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुर्सी दौड़ और दिव्यांगजनों के लिए संगीत बॉल पास प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों 08 से 18 वर्ष, 19 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक में सम्पन्न होगी। ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 29 अगस्त से प्रारंभ हो चुकी है और 20 सितंबर तक जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here