एशिया कप 2025 को शुरू हुए अभी 3 दिन का वक्त ही हुआ है और एक टीम टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो चुकी है. ये कोई और नहीं बल्कि हांगकांग है, जिसे एस टूर्नामेंट में पिछले 21 सालों से जीत नहीं मिली. इस बार भी उसका सपना टूट गया. पहले इस टीम को अफगानिस्तान ने मात दी फिर बांग्लादेश ने झटका दिया. ग्रुप स्टेज के पहले दोनों मैच हारने के बाद ये टीम टॉप 4 की रेस से बाहर हो चुकी है. मतलब उसका सफर एशिया कप 2025 में लगभग खत्म हो चुका है.
एशिया कप 2025 में 11 सितंबर की रात ग्रुप बी की दो टीमों बांग्लादेश और हांगकांग के बीच मुकालबा हुआ. हांगकांग अपना पहला मैच हारने के बाद मैदान में उतरी थी. उसे जीत की उम्मीद थी, जीत मिलती तो उसका सफर आगे बढ़ता, लेकिन हुआ इसके उलट. बांग्लादेश ने पहले गेंद और फिर बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया और इस टीम को बड़ा झटका दिया.
अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में हांगकांग ने पहले बैटिंग करते हुए बढ़िया रन किए. टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 143 रनों तक पहुंच गई. ओपनर जीशान अली ने 34 बॉल पर 30, निजाकत खान ने 40 गेंदों पर 42 और कप्तान यासीम मुर्तजा ने 19 बॉल पर 28 रन किए और टी को 143 तक ले गए. बांग्लादेश के लिए रिषाद हुसैन, तंजीम शाकिब और तस्कीन अहमद ने 2-2 विकेट निकाले.









