छत्तीसगढ़ के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स केस में सोमवार को नव्या मलिक, विधि अग्रवाल समेत सभी आरोपियों को पेश किया जाएगा. इस मामले में पुलिस अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.
गौरतलब है कि 6 सितंबर को आरोपी नव्या मलिक और विधि अग्रवाल की 2 दिन की रिमांड खत्म होने बाद उन्हें विशेष कोर्ट में पेश किया गया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 15 सितंबर तक की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था.हाईप्रोफाइल ड्रग्स केस में अब तक गिरफ्तार नव्या मलिक, अयान परवेज, विधि अग्रवाल, ऋषिराज टंडन, सोहेल खान, जुनैद अख्तर, हर्ष आहूजा और मोनू विश्नोई को एक साथ सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नव्या और विधि हर माह मुंबई और गोवा का दौरा करती थीं, जहां संभ्रांत घरानों के युवक-युवतियां रातभर चलने वाली इन पार्टियों में शामिल होते थे. दोनों ने रायपुर, नवा रायपुर, मंदिर हसौद, वीआईपी रोड और चंद्रखुरी के होटल, रिसॉर्ट, क्लब और फार्महाउस (Farmhouses) की जानकारी दी, जहां ये पार्टियां आयोजित होती थीं. विधि की इवेंट कंपनी ‘बिहाइंड द सीन्स’ (Behind The Scenes) रायपुर के बड़े होटल, क्लब और मैरिज पैलेस में न्यू ईयर सेलिब्रेशन (New Year Celebration) सहित कई इवेंट्स (Events) आयोजित करती थी.
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये पार्टियां 25-30 लोगों के ग्रुप के साथ शुरू होती थीं, लेकिन रात 1 बजे के बाद करीब 10-15 लोग ही रुकते थे. इन फार्महाउस में ड्रग्स के साथ अश्लील गतिविधियां (Obscene Activities) भी होती थीं. तीनों का संपर्क बड़े उद्योगपतियों, कारोबारियों, सीए (Chartered Accountants), पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से था, जिनके साथ पार्टी करने की बात भी कबूल की गई है.
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से चैट्स (Chats) मिले हैं, जिनके आधार पर ड्रग्स खरीदने वालों की सूची (List of Drug Consumers) तैयार की जा रही है. इन लोगों को काउंसिलिंग (Counseling) के लिए बुलाया जाएगा और उनके परिजनों को भी सूचित किया जाएगा, क्योंकि कई माता-पिता को अपने बच्चों की गतिविधियों की जानकारी नहीं है. पुलिस अब इन फार्महाउस और क्लब के मालिकों को पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी में है.









