बच्चों के टिफिन में रोज़ नया और हेल्दी आइडिया ढूँढना हर माँ के लिए सबसे बड़ी टेंशन होती है। अगर आप भी यही सोच रही हैं कि क्या दें जो हेल्दी भी हो और बच्चों को पसंद भी आए, तो पेप्पी पनीर पास्ता आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है। इसमें पनीर का प्रोटीन, सब्ज़ियों के विटामिन और पास्ता का टेस्ट – सब कुछ है एक ही डिश में। सबसे खास बात ये कि इसमें न तो हैवी चीज़ की ज़रूरत है और न ही क्रीम की!
ज़रूरी सामग्री
गेहूं का पास्ता – 1 कप (उबला हुआ)
पनीर – ½ कप (क्यूब्स या कद्दूकस किया हुआ)
टमाटर – 2 (प्यूरी बनाकर)
प्याज़ – 1 (बारीक कटा)
लहसुन – 3–4 कलियाँ (कटी हुई)
शिमला मिर्च – ½ कप (कटी हुई)
गाजर – ¼ कप (बारीक कटी)
ऑलिव ऑयल/घी – 1–2 चम्मच
जीरा – ½ चम्मच
हल्दी – 1 चुटकी
लाल मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
काली मिर्च – ¼ चम्मच
ऑरेगैनो/मिक्स हर्ब्स – ½ चम्मच
टोमैटो सॉस – 1 बड़ा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
बनाने की विधि
स्टेप 1: मसाला तैयार करें
एक पैन में ऑयल गर्म करें। उसमें जीरा और कटा हुआ लहसुन डालकर भूनें। अब प्याज़ डालकर सुनहरा होने तक पकाएँ। फिर टमाटर प्यूरी और मसाले (हल्दी, लाल मिर्च, नमक, काली मिर्च) डालकर तब तक पकाएँ जब तक मसाले से तेल अलग न हो जाए।
स्टेप 2: सब्ज़ियाँ और पनीर डालें
अब इसमें शिमला मिर्च और गाजर डालें और हल्का सा भूनें ताकि उनकी क्रंच बनी रहे। इसके बाद पनीर डालकर अच्छे से मिलाएँ। चाहें तो एक बड़ा चम्मच टोमैटो सॉस डालकर फ्लेवर बढ़ाएँ।
स्टेप 3: पास्ता और फ्लेवरिंग
अब उबला हुआ पास्ता डालें। ऊपर से ऑरेगैनो या मिक्स हर्ब्स छिड़कें और हल्के हाथ से मिलाएँ। 2 मिनट धीमी आँच पर पकाएँ ताकि सारे फ्लेवर पास्ता में अच्छे से घुल जाएँ।
खास टिप्स
1) चाहें तो इसमें मकई, बीन्स या मटर भी डाल सकती हैं।
2) बच्चों के लिए मिर्च मसाला कम रखें।
3) इसे टिफिन में पैक करते समय थोड़ा-सा घी डाल दें, ताकि पास्ता चिपके नहीं।









